वीकएंड में जहां एक ओर रक्षाबंधन त्योहार की धूम थी, तो वहीं दूसरी ओर सिनेमाघरों में भी कई फिल्में शानदार प्रदर्शन कर रही थीं। रविवार के दिन ‘महावतार नरसिम्हा’ ने एक बार फिर से जबरदस्त छलांग लगाई और रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। इसके अलावा सन ‘ऑफ सरदार 2’ की कमाई में गिरावट आई, तो वहीं ‘उदयपुर फाइल्स’ को कुछ हद तक फायदा हुआ। जानिए कैसा रहा अन्य फिल्मों के लिए रविवार।
उदयपुर फाइल्स
विजय राज अभिनीत ‘उदयपुर फाइल्स’ को थिएटर्स में रिलीज हुए 3 दिनो हो चुके हैं। ओपनिंग डे पर फिल्म ने 13 लाख रुपये से बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत की थी, फिर दूसरे दिन यानी शनिवार को मात्र 1 लाख रुपये कमाए। इसके अलावा बीते दिन रविवार को फिल्म ने 13 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इस हिसाब से अभी तक ‘उदयपुर फाइल्स’ ने 26 लाख रुपये कमा लिए हैं। इस फिल्म की कहानी साल 2022 में राजस्थान के उदयपुर में हुए टेलर कन्हैया लाल के मर्डर पर आधारित है।
अंदाज 2
नए कलाकारों आयुष कुमार, कायशा और नताशा फर्नांडिस अभिनीत ‘अंदाज 2’ को भी सिनेमाघरों में रिलीज हुए तीन दिन हो चुके हैं। इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 12 लाख रुपये कमाए थे, फिर दूसरे दिन 19 लाख रुपये कमाए। वहीं बीते रविवार को फिल्म ने फिर से 12 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इस हिसाब से अभी तक ‘अंदाज 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 43 लाख रुपये कमा लिए हैं। सुनील दर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2003 में आई फिल्म ‘अंदाज’ का सीक्वल है।
सन ऑफ सरदार 2
‘सन ऑफ सरदार 2’ फिल्म से मेकर्स को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर अभी तक के प्रदर्शन से काफी निराश किया। अजय देवगन की इस फिल्म ने रविवार को 3.38 करोड़ रुपये कमाए, जबकि शनिवार को इसने 4 करोड़ रुपये कमाए थे। ‘सन ऑफ सरदार 2’ के कुल कलेक्शन की बात करें, तो इसने 10 दिनों में 41.63 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। यह दिखाता है कि रविवार के दिन भी फिल्म कुछ खास कमाल नहीं कर पाई, बल्कि कलेक्शन में गिरावट देखने को ही मिली।
धड़क 2
सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘धड़क 2’ भी थिएटर्स में औसत प्रदर्शन करती नजर आ रही है। फिल्म ने बीते रविवार को 1.75 करोड़ रुपये कमाए, जबकि शनिवार को इसने 1.70 करोड़ रुपये कमाए थे। हालांकि ‘धड़क 2’ को वीकएंड का फायदा मिला है, क्योंकि फिल्म का कलेक्शन लाखों में आ गया था। 9 दिनों में इस फिल्म ने 20.75 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
महावतार नरसिम्हा
रविवार के दिन ‘महावतार नरसिम्हा’ ने फिर से बंपर कमाई करते हुए 22.75 करोड़ रुपये कमा लिए। वहीं फिल्म ने शनिवार को 20.25 करोड़ रुपये कमाए थे। इस हिसाब से 17 दिनों में ‘महावतार नरसिम्हा’ ने 168.65 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। आपको बताते चलें कि यह फिल्म 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली छठी फिल्म बन चुकी है। ‘छावा’, ‘सैयारा’, ‘हाउसफुल 5’, ‘रेड 2’ और ‘सितारे जमीन पर’ के बाद ‘महावतार नरसिम्हा’ का नाम भी इस कड़ी में शामिल हो गया है।
