मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र के शेरगढ़ी में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक महिला का कान काट दिया गया। पीड़िता ने धारदार हथियार से हमला कर कान काटने का आरोप लगाया है। पीड़िता घायल अवस्था में थाने पहुंची, पुलिस ने उन्हें मेडिकल में भर्ती कराया। पुलिस ने हमला करने वाली महिला को हिरासत में लिया है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर दी गई है।

शेरगढ़ी निवासी महिला का आरोप है कि मोहल्ले के ही रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा लगातार उसके साथ छींटाकशी की जा रही थी। दो दिन पहले भी छेड़छाड़ की गई। महिला ने बताया कि बुधवार सुबह वह आरोपी के घर पर उसकी पत्नी गीता से शिकायत करने गई थी। यहीं पर आरोपी की पत्नी ने उस पर हमला कर दिया। पति के साथ मिलकर मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया और उसका कान काट डाला।

 

लहूलुहान हालत में पीड़िता थाने पहुंची और पूरी घटना बताई। महिला कटा हुआ कान भी साथ लेकर आई थी। इसके बाद पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल में भर्ती कराया। दूसरी ओर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। लोगों ने पुष्टि करते हुए बताया कि कान काटा गया है, लेकिन यह मारपीट के दौरान हुआ। इसके बाद पुलिस ने गीता को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी महिला का पति फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

पांच दिन में दो लोगों के कान काटे
मेडिकल में महिला का कान काटने की वारदात से पांच दिन पहले एक घटना सिविल लाइन में भी हुई है। वहां मारपीट के दौरान एक युवक का कान काट दिया गया था। डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन बताया गया कि कान अब जुड़ नहीं पाएगा। अब मेडिकल क्षेत्र में कान काटने की घटना हो गई।

दो महिलाओं के बीच मारपीट हुई थी। धारदार हथियार से कान काटा गया है या मारपीट में कटा है, यह जांच के बाद पता चलेगा। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई कर दी है और जांच की जा रही है। – संतशरण सिंह, इंस्पेक्टर मेडिकल

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *