आगरा में भूमाफिया से परेशान एक महिला ने शुक्रवार को अपने खेत में ही भूसमाधि लेने का प्रयास किया। उसने खुद को जमीन में गले तक गाड़ लिया। सिर्फ उसका सिर दिख रहा था। उसने कहा कि जब तक भू-माफिया पर कार्रवाई नहीं होती है, वह अन्न-जल नहीं खाएगी-पीयेगी। उसने कहा कि अगर उसकी सुनवाई नहीं हुई तो उसके मरने के बाद बच्चों को भी दफन कर देना।

महिला का एक वीडियो भी वायरल हुआ। वीडियो पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचा तो खलबली मची। थाना सिकंदरा पुलिस और तहसील की टीम मौके पर पहुंची। 5 घंटे की मशक्कत के बाद महिला को समाधि से बाहर निकाला गया। उसकी मांग पूरी करते हुए जमीन की पैमाइश भी की गई।

सिकंदरा के बाईपुर गांव की रहने वाली प्रेमलता ने गांव के ही रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र सिंह, शांत कुमार, अश्वनी यादव और अन्य पर आरोप लगाया कि दबंग उसको खेत पर काम नहीं करने देते हैं। खेत पर कब्जा करना चाहते हैं। गुरुवार को कानूनगो और लेखपाल आए थे और गलत पैमाइश कर हमारा खेत दूसरे पक्ष के कब्जे में दिलवा दिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह महिला ने अपने खेत में गड्ढा खोद कर उसमें समाधि लेने के लिए खुद को गाड़ लिया।

 

महिला को मिला खेत पर कब्जा

महिला के दो वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया। एडीएम सिटी प्रभाकांत अवस्थी के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम और थाना सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को समझाकर दोबारा पैमाइश कराई गई। खेत कब्जे में आने के बाद महिला संतुष्ट हुई और पुलिस ने उसे समाधि से बाहर निकाला। तहसीलदार रजनीश बाजपेई के अनुसार, टीम जांच कर रही है। उक्त जमीन पर मुकदमा विचाराधीन है। महिला द्वारा नींव खुदवाई गई थी। इसके बाद दूसरे पक्ष की शिकायत पर टीम ने उसे भरवाया था। पूरी पैमाइश के बाद निर्णय हो पाएगा। फिलहाल प्रदर्शन खत्म करवा दिया गया है।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *