मशहूर निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा को चर्चित वेब सीरीज ‘आश्रम 3’ की शूटिंग के दौरान भोपाल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सेट में पथराव कर तोड़फोड़ की और आगे इसकी शूटिंग नहीं होने देने की धमकी भी दी है। इन लोगों ने प्रकाश झा पर हिंदुओं को गलत तरीके से चित्रित करने का आरोप लगाते हुए स्याही भी फेंकी। पथराव से शूटिंग यूनिट की दो बसों सहित कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।  भोपाल के डीआईजी इरशाद वली ने पत्रकारों को बताया कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तीन-चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं और हम इस हंगामा में शामिल लोगों की पहचान कर रहे हैं। डीआईजी ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस बवाल के बाद भी प्रकाश झा की यूनिट की तरफ से पुलिस में न तो किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है  और न ही कोई बयान जारी नकिया गया है। भोपाल दक्षिण के एसपी साई कृष्ण थोटा ने को बताया कि अरेरा हिल्स स्थित पुरानी जेल में प्रकाश झा की वेब सीरीज आश्रम-3 की शूटिंग चल रही है, उसी दौरान इसके नाम को लेकर बजरंग दल ने रविवार शाम वहां जाकर आपत्ति की और प्रदर्शन किया।

 

उन्होंने कहा कि बजरंग दल का कहना है कि इस वेब सीरीज का नाम हिन्दू धर्म के लिए ठीक नहीं है, क्योंकि इसमें वे अश्लील दृश्यों का फिल्मांकन कर रहे हैं। थोटा ने बताया कि प्रदर्शन करे लोगों ने प्रकाश झा पर स्याही फेंकी और वहां पथराव भी किया। इस पथराव में वहां पार्किंग में खड़ी दो बसों के कांच टूट गए। हालांकि, किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल बाहर खड़ी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां चलाईं। पुलिस को अपनी तरफ आते देखकर भीड़ ने भी दौड़ लगा दी और कुछ ही देर में मामला शांत हो गया। पुलिस के अधिकारियों ने प्रकाश झा और उनकी टीम से इसकी शिकायत के बारे में पूछा तो उन्होंने कुछ समय मांगा है। अरेरा हिल्स पुलिस का कहना है कि लोग विरोध करने पहुंचे थे और किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की तो कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रकाश झा और बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल के खिलाफ नारेबाजी भी की और उन पर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। बॉबी देओल वेब-सीरीज आश्रम में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

‘आश्रम’ वेब सीरीज के दो सीजन आ चुके हैं और अब तीसरे सीजन की तैयारी है। इस वेब सीरीज की कहानी एक ऐसे साधु की है, जिसके लाखों भक्त हैं और वे उस पर अटूट आस्था रखते हैं। बाबा निराला नाम का यह साधु अपने भक्तों के अंधविश्वास का फायदा उठाकर तमाम तरह के कदाचार करता है। उसके आश्रम में कई महिला भक्तों के साथ यौन दुराचार भी होता है। बॉबी देओल बाबा निराला का किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा अदिति पोहनकर, दर्शन कुमार, अनुप्रिया गोयनका और त्रिधा चौधरी मुख्य किरदार है।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *