दिल्ली से सटे नोएडा के फेज दो थानाक्षेत्र के इलाबास गांव में सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक वकील की उनके घर के बाहर दो गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। निशांत पीलवान (28) सूरजपुर जिला न्यायालय में प्रेक्टिक करते थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इस हत्याकांड से गुस्साए वकीलों ने मंगलवार को अदालत परिसर में एक शोक सभा कर काम का बहिष्कार किया। माना जा रहा है कि जमीनी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, निशांत सोमवार रात करीब पौने दस बजे वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। परिजन उन्हें नजदीक के अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बदमाशों ने एक गोली निशांत की पीठ और दूसरी पेट में मारी। मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में कुछ रिश्तेदारों पर हत्या का शक जाहिर किया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि निशांत का उनके परिजनों व बहन के ससुराल पक्ष के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस इन्हीं एंगलों पर मामले की जांच कर रही है।

 

पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरीश चंदर ने बताया कि वकील की हत्या के मामले में मृतक के परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीम बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि निशांत का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद था। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि निशांत का अपनी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों से भी कुछ विवाद था। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

वहीं, वकील की हत्या पर जनपद गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने अदालत परिसर में मंगलवार को एक शोक सभा आयोजित की तथा काम का बहिष्कार किया। अधिवक्ता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर वकील इस मामले में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *