*मैनपुरीः रिवॉल्वर साफ करते समय चल गई गोली, दरोगा के पेट में लगी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती*

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के थाना बिछवां इलाके में उस समय खलबली मच गई जब थाने पर तैनात दरोगा की रिवाल्वर की सफाई के दौरान गोली चल गई। हादसे के बाद दरोगा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आवास पर गोली चलने की आवाज सुनकर दौड़े पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन मे घायल दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मामला बिछवा थाना से जुड़ा है। थाने पर तैनात उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश कौशिक मंगलवार शाम के समय अपनी निजी रिवाल्वर की सफाई कर रहे थे। उसी समय अचानक रिवाल्वर से गोली चल गई। गोली उपनिरीक्षक के पेट में जाकर लग गई। गोली लगने से दरोगा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर दौड़े पुलिसकर्मियों ने घायल उपनिरीक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए सैफई के लिए रेफर कर दिया।

*परिवार को दे दी गई है सूचना*
दरोगा प्रेम प्रकाश कौशिक हाथरस जिले के थाना मुरसान गांव पिशा के निवासी हैं। इससे पहले दरोगा की तैनाती फिरोजाबाद में थी। वह 19 जून 2021 को फिरोजाबाद से ट्रांसफर होकर मैनपुरी आए थे। तब उन्हें बिछवां थाने पर तैनात किया गया था। घटना के बाद दरोगा के थाने में स्थित आवास को सील कर दिया गया है। उच्चाधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया है। दरोगा के परिजन को सूचना दे दी गई है। गोली किन परिस्थितियों में चली इस संबंध में कुछ जानकारी सामने नहीं आई है।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *