Monday , October 28 2024

जसवंतनगर। फरुखाबाद स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के विधान परिषद  सदस्य  चुनाव के लिये आज यहां कड़े बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ

जसवंतनगर। फरुखाबाद स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के विधान परिषद  सदस्य  चुनाव के लिये आज यहां कड़े बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ।

पंजीकृत 167 मतदाताओं में से 161 ने यहां विकासखण्ड कार्यालय पर बनाये गए मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया।   इस तरह करीब 96.5%  कुल मतदान हुआ।

सबसे खास बात यह  रही कि समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले जसवंतनगर के  यहॉ के मतदान केंद्र पर समाजवादी  पार्टी का कोई पोलिंग एजेंट तैनात नही था। जबकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से दो पोलिंग एजेंट महेश  गुप्ता व गोविंद शर्मा तैनात थे। पोलिंग एजेंट के साथ साथ समाजवादी पार्टी का बस्ता भी नही लगाया गया था।

ऐसा देख लोग अचंभित थे , क्योंकि पहले कभी किसी चुनाव में यह नही देखा गया था कि जब यहां सपा के एजेंट औऱ बस्ता  न रहे हों। इसके पीछे क्षेत्रीय सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव  का पार्टी  के प्रति मोहभंग और उनकी नाराजगी  मानी गयी है।

मतदान सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चला , शुरू में मतदान बहुत धीमा रहा। पहले दो घंटे में मात्र 13 मतदाता ही वोट डालने पहुंचे।बाद में 3 घंटों में तेज मतदान हुआ और दोपहर1 बजे तक 120 वोट पड़ चुके थे। एक मतदान अधिकारी ने बताया कि  मतदान समाप्ति तक कुल 95 पुरुष और 66 महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जो 6 मतदाता वोट डालने नही आये , वह सभी  महिला वोटर थीं।

प्रमुख मतदाताओं में पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार जॉली, ब्लॉक प्रमुख जसवंतनगर डॉ अंजली यादव और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मोंटी यादव ने पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान केंद्र का निरीक्षण करने जिलाधिकारी इटावा श्रुति सिंह औऱ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने दौरा किया औऱ एसडीएम जसवंतनगर नम्रता सिंह से व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।  क्षेत्राधिकारी राणा महेंद्र सिंह और थाना प्रभारी  रण बहादुर सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ तैनात रहे।