Monday , October 28 2024

जसवंतनगर इलाके में 51 हजार तिरंगे फहराए जायेंगे

जसवंतनगर इलाके में 51 हजार तिरंगे फहराए जायेंगे

जसवंतनगर। स्वाधीनता की 75 वीं वर्ष गांठ के उपलक्ष में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत जसवंतनगर तहसील क्षेत्र के नगर- गांव, हर घर, प्रत्येक कार्यालय, संस्थान व प्रतिष्ठानों पर 51 हजार राष्ट्रीय ध्वज फहराए जायेंगे।
तिरंगे को फहराने का यह राष्ट्रीयता से ओतप्रोत कार्यक्रम 11 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। यह जानकारी शनिवार को मॉडर्न तहसील स्थित अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में उपजिलाधिकारी जसवंतनगर नम्रता सिंह ने बताई है।

उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा बांटा जाएगा। अकेले जसवंतनगर नगरपालिका 9 हजार झंडे नगर वासियों में घर- घर बांटेगी। इसके अलावा गांवों में प्रधान, लेखपाल,सेक्रेटरी, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री झंडे लोगों के घरों तक पहुंचाएगी। झंडे तीन साइज के बांटे जाने के लिए आ रहे हैं। उन्हें 9 अगस्त तक लोगों तक पहुंचा दिया जाएगा। नम्रता सिंह ने बताया कि लोग 17 के बाद भी चाहें तो झंडा फहराए रख सकते है। सरकारी कार्यालयों पर सूर्योदय से सूर्यास्त तक फहराने की बाध्यता होगी।घरों और प्रतिष्ठानों में 24 घंटे फहरा सकते हैं, बशर्ते रात में झंडा अंधेरे में न रहे। उन्होंने कहा कि झंडे का केसरिया रंग ऊपर की तरफ रखने का ध्यान हमें रखना होगा। लोगों को झंडे में लगाए जाने के लिए साफ सुथरा और सीधा डंडा का प्रबंध खुद करना होगा।

उन्होंने बताया कि हमारे देश के तिरंगे के तीन रंग केसरिया, सफेद और हरा क्रमशः प्रेम, शांति और खुशहाली के प्रतीक हैं।इससे समृद्धि, उल्लास का संचार पूरे देश में होगा। उन्होंने बताया कि लोग व्यक्तिगत रूप से खरीदकर भी झंडा फहरा सकते हैं। कोई संस्था यदि झंडे उपलब्ध कराना चाहे ,तो उपलब्ध करा सकती है। उन्होंने बताया कि एक या अनेक झंडे भी कोई अपने यहां लगा सकता है।हम वीडियोग्राफी कराएंगे और जिसके यहां सर्वाधिक और सुसज्जित ढंग से तिरंगे लगे मिलेंगे उन्हे एवारडिड भी करवाएंगे। प्रेस वार्ता के दौरान तहसीलदार यदुवीर सिंह भी मौजूद रहे।