फर्रुखाबाद में दिल्ली रोड पर शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुए भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस सवार 40 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसे में बस के परखचे उड़ गए। चालक समेत चार की हालत गंभीर है। हादसे में चालक का एक हाथ कट गया है। बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। हादसे की खबर मिलते ही अफसर मौके पर पहुंचे।

फर्रुखाबाद डिपो की बस रात आठ बजे 45 सवारियां लेकर बस अड्डे से रवाना हुई थी। सवारियों के अनुसार, चालक बस बहुत तेज रफ्तार से चला रहा था। हजियापुर के पास सामने से आ रहे टेम्पो को कट मारने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ों से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस की चालक साइड में लगभग पूरी चद्दर ही गायब हो गई और सीटें भी उखड़कर बिखर गईं।

इस बीच उधर से गुजर रहे शमसाबाद थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह हादसा देख पुलिसवालों के साथ बचाव कार्य में जुट गए और अफसरों को सूचना दी। एसडीएम और आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजना शुरू किया। लोहिया अस्पताल में पहले से अलर्ट डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुट गई।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *