नवीन पांडेय
कुसमरा। नगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बिना आधिकारिक रजिस्ट्रेशन पैथोलाजी चला रहे लोगों के खिलाफ आखिर कार प्रशासन जागा और इस मामले में छापेमारी की गई। इस दौरान तीन दुकानों पर नोटिस चस्पा किये गए तथा बड़ी संख्या में पैथोलाजी वाले अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। डिप्टी सीएमओ डा० आरपी सिंह के नेतृत्व में टीम ने नगर में संचालित सांई पैथॉलाजी पर छापा मारा, जिसके कागजात पैथोलाजी संचालक नहीं दिखा सका इस कारण उसे सील कर दिया गया है। संचालक को 3 दिन का समय कागजात दिखाने के लिए दिया गया है। इसके बाद टीम ने हाजी पैथॉलाजी व ओम पैथॉलाजी पर भी गये, लेकिन पैथॉलाजी संचालक शटर बंद कर फरार हो गए। टीम ने दोनों दुकानों पर नोटिस चस्पा कर तीन दिन में कागजात दिखाने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएमओ ने कहा कि निर्धारित समय पर कागजात न दिखाए जाने पर मामले पुलिस में दर्ज कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर में अवैध पैथोलाजी तथा झोलाछाप का धंधा नहीं चलने दिया जाएगा तथा इस तरह छापेमारी लगातार जारी रहेगी।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *