राजस्थान में लड़कियों के साथ हो रही छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। झुंझनूं में शिक्षा के मंदिर में हुई दुष्कर्म की घटना के बाद अब नया मामला भरतपुर में सामने आया है जहां आरोपियों ने नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। आरोपी नाबालिग को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पूरी घटना भरतपुर की है जहां नाबालिग के पिता और भाई ने गैंगरेप का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि वे सभी खेत पर बनी कोठरी में सो रहे थे इसी दौरान पांच आरोपियों ने खेत पर पड़े चारे में आग लगा दी। आग को बुझाने के लिए दोनों मशक्कत करने के लिए भागे और वापस आकर देखा तो नाबालिग बच्ची कोठरी में नहीं थी।

 

इसके बाद घबराए पिता और भाई ने नाबालिग को ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह कहीं नहीं मिली। थोड़ी देर बाद वह रोती हुई अपने पिता के पास आई और आपबीती सुनाई। बेटी की व्यथा सुनकर पिता और भाई के होश उड़ गए। इसके बाद वे तुरंत स्थानीय थाना पुलिस के पास पहुंचे और मामला दर्ज कराया। यह पूरी घटना सोमवार रात करीब 1:00 बजे की है। अब पुलिस नाबालिग के बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

उधर, राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल कल सुबह यानी बुधवार को  सीकर-झुँझुनू दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वो विद्यालय में बच्चियों के साथ छेड़छाड़ के बढ़ते मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों से मुलाक़ात भी करेंगी। गौरतलब है कि झुंझनूं के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *