राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में शुक्रवार को एक युवक ने शराब पीने पर डांटने से नाराज होकर अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। दोनों ने बीते 14 अक्तूबर को ही घर से भाग कर शादी की थी। शनिवार सुबह युवती के परिजनों से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार कीर्ति परिवार सहित मुकुंदपुर इलाके में रहती थी। वह अपनी मां गुड्डी के साथ मॉडल टाउन स्थित कोठियों में घरेलू काम करने के लिए जाती थी। इसी दौरान ग्रामीण सेवा चलाने वाले आजाद से दो साल पहले मुलाकात हुई और दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। लेकिन, कीर्ति का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। पुलिस ने बताया कि दोनों ने 14 अक्तूबर को घर से भागकर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। फिर कड़कड़डूमा कोर्ट में भी विवाह कर लिया।

 

18 अक्तूबर को बुराड़ी के वेस्ट कमल विहार इलाके में किराए के मकान में आजाद और कीर्ति रहने के लिए आ गए। यहां आते ही दोनों में विवाद होने लगे। बताया जाता है कि आजाद शुक्रवार को शराब पीकर घर आया तो कीर्ति ने उसे डांट दिया। इसी गुस्से में उसने सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। फिर कमरा बाहर से बंद करके वह वारदात के बाद काफी देर तक गली में घूमता रहा। इसके बाद इलाके से फरार हो गया।

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी पति
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर आजाद का पता लगाना शुरू किया। जांच में सामने आया कि आरोपी मुकुंदपुर इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस ने करीब 12 बजे आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने बताया कि वह मुकरबा चौक से बस पकड़कर यमुनानगर और फिर अपने गांव बिजनौर से होते हुए नेपाल जाने की फिराक में था।

भाई को खून से लथपथ हालत में मिली बहन
डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि शनिवार सुबह गुड्डी देवी ने अपनी बेटी को फोन किया। लेकिन, उसने फोन नहीं उठाया तो अपने बेटे भोला को वेस्ट कमल विहार भेजा। उसने दरवाजे पर कुंडी लगी देखी और जब अंदर गया तो बहन को खून से लथपथ हालत में पाया। इसके बाद भोला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रख दिया है।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *