वृन्दावन- रुकमणी विहार क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस से शादी समारोह के दौरान स्टेज से लाखों रुपए के गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। बैग में सोने की चेन, 4 सोने की अगूंठी, एक सेट समेत अन्य सामान रखे थे। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है ।
श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन में इन दिनों चोरी एवं लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही । ताजा मामला केशव धाम पुलिस चौकी क्षेत्र के रुक्मणि विहार इलाके का है । जहां सोमवार की रात अज्ञात चोर शादी समारोह से नगदी व लाखों रुपए के गहनों से भरा बैग चोरी कर आसानी से फरार हो गए । वही चोरों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई ।
घटना की जानकारी होने पर मंगलवार को आगरा के बल्केश्वर कॉलोनी निवासी लालचंद शर्मा ने पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।
पीड़ित के अनुसार सोमवार को उनके पुत्र पवन शर्मा की शादी थी। और विवाह समारोह तेजराम धर्मपाल चैरिटेबल ट्रस्ट के भवन में चल रहा था। रात्रि करीब पौने 12 बजे वरमाला के दौरान उनके पुत्र की शाली मानसी शिरंगी का बैग स्टेज पर रखा था । कुछ समय बाद उन्होंने देखा तो बैग गायब था। बैग में एक सोने की चेन, चार सोने की अंगूठी, एक ज्वेलरी सेट, मोबाइल, 1800 रुपए नकद आदि रखे हुए थे। चोरी की जानकारी लगते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और स्टाफ व अन्य लोगों से पूछताछ की गई। घटना की सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक राजवीर सिंह ने जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो आरोपी पहले स्टेज के पीछे जाता हुआ और बाद में बैग लेकर शादी समारोह से बाहर निकलता नजर आया । दुल्हन के भाई आदेश ने बताया कि करीब साढ़े तीन लाख रु का माल चोरी हुआ है ,आरोपी युवक समूह में आए थे जो बिना किसी से पूछताछ किए कमरों में जबरन सफाई के लिए घुस रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर घटना की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट /- प्रताप सिंह

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *