Saturday , October 19 2024

मथुरा वृंदावन में 4 वर्षो में हुए अभूतपूर्व कार्य : मुकेश आर्य बंधु

मथुरा वृंदावन में 4 वर्षो में हुए अभूतपूर्व कार्य : मुकेश आर्य बंधु

मथुरा। वर्तमान नगर निगम मथुरा वृंदावन बोर्ड के गठन को 4 वर्ष पूर्ण होने पर महापौर डॉ मुकेश आर्य बंधु ने कार्यों और उपलब्धियों का बखान किया है उनका दावा है कि उनके कार्यकाल में मथुरा-वृंदावन में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। वहीं उनके दावों को फर्जी बताते हुए वार्ड नंबर 24 के पार्षद पति ने आरोप लगाया है कि विकास कार्यों की जारी लिस्ट में प्रस्तावित कार्यों को पूर्ण होना दर्शा दिया गया है।

रविवार को मसानी बाईपास लिंक मार्ग पर होटल ब्रजवासी लैंडस इन में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर निगम के महापौर डॉ मुकेश और बंधु ने जानकारी दी कि मथुरा वृंदावन नगरीय क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए दिस. 17 से अक्टूबर 20 तक 25,873 ई.ई.एस.एल कंपनी द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। वही प्रमुख स्थानों पर 255 सेमी हाई मास्टर लाइट लगाई गई है। इसके अलावा भू-माफियाओं के कब्जे से 3,41,786 वर्ग मीटर निगम की भूमि को मुक्त कराया गया है।

महापौर ने बताया कि 1560 स्थानों पर नाली एवं सड़क के निर्माण कार्य कराए गए हैं। 46 स्थानों पर नए नाले और उनको पत्थरों से ढका गया है ताकि जन-पशु हानि से बचा जा सके। 63 पार्कों का जीर्णोद्वार, निर्माण के अलावा 66 स्थानों पर सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। 10 स्थानों पर नए श्मशान घाट बनाये गये है।

पत्रकार वार्ता में जानकारी देने के दौरान वार्ड नंबर 24 के पार्षद दीपका रानी के पति पुष्पेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में 2 साल से सीताराम मंदिर के पास आज तक पुलिया का निर्माण कार्य नहीं हुआ। इस पर महापौर ने अविलंब कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान नगर आयुक्त अनुनय झा, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार कुमार गौतम, उपसभापति राधा कृष्ण पाठक सहित काफी संख्या में पार्षद अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट /- प्रताप सिंह