इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के लखना चकरनगर रोड को आज कुछ लोगों ने 6 वर्षीय बच्चे का शव सड़क पर रख कर जाम कर दिया है। परिजनों की मांग है कि बच्चे के हत्यारे को गिरफ्तार किया जाए। वहीं जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और परिजनों को समझाने में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि बीते 1 घंटे से मार्ग जाम है।

घर के बाहर से गायब हो गया था बच्चा

लखना आदर्श नगर क्षेत्र से 10 दिसम्बर को अवनीश द्विवेदी का एलकेजी में पढ़ने वाला 6 वर्षीय बेटा शौर्य दुबे घर के बाहर से लापता हो गया था। जिसका शव कल देर शाम लवेदी थाना क्षेत्र के हमीरपुर मंदिर जमुना नदी के पास बुरी हालत में बरामद हुआ था। मंदिर के पास से गुजर रहे राहगीरों ने शव को देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त लापता बालक के परिजनों को बुलवाकर करवाई। बालक के स्वेटर व कपड़ों से शौर्य की पहचान की जा सकी।

परिजनों ने रोड जाम कर दी

पुलिस द्वारा आज शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। फिर शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने शव को लखना चकरनगर मार्ग के बीच रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। शव को सड़क पर रखकर जाम करने की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह, सीओ भरथना साधू राम, एसओ बकेवर, सहित तमाम थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। परिजनों ने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी न होने तक प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सभी को समझाने बुझाने में जुटे हुए है।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *