यूपी की सियासत में अलग पहचान रखने वाले समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी उत्तराखंड के चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। दोनों दलों ने सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी की है।

बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी शीशपाल ने बताया कि वह प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने जा रहे हैं। प्रत्याशियों के चयन को लेकर रविवार को लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती ने बैठक बुलाई है। बैठक के बाद जल्द ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण सचान ने बताया कि उनकी पार्टी भी प्रदेश की सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारने जा रही है। इसके लिए प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली गई है जो कि पार्टी मुख्यालय के स्तर से जारी की जाएगी।

नौ नवंबर 2000 को राज्य बना। उस समय उत्तराखंड में अंतरिम विधानसभा में 30 सदस्य थे। इनमें यूपी के समय चुने हुए 22 विधायक और आठ विधान परिषद सदस्य थे। 22 विधायकों में 17 भाजपा के, एक तिवारी कांग्रेस का, एक बसपा और तीन समाजवादी पार्टी का था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *