रायबरेली सदर से बीजेपी की उम्मीदवार अदिति सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा हमला किया है। उन्होंने जहां प्रियंका गांधी को अपने खिलाफ लड़ने की चुनौती दी है, वहीं कांग्रेस के लड़की हूं लड़ सकती हूं कैंपने को कोरा नारा बताया है।

अदिति सिंह ने कहा कि एक बार प्रियंका मेरे खिलाफ लड़ लेंगी तो बहुत कुछ साफ हो जाएगा और यह भी सबको पता चल जाएगा कि रायबरेली अब कांग्रेस का गढ़ नहीं है।

गौरतलब है कि रायबरेली से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं और पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को यूपी में इसी एकमात्र सीट पर सफलता मिली थी। एक और गढ़ मानी जाने वाली अमेठी सीट से राहुल गांधी बीजेपी की स्मृति ईरानी से हार गए थे। 2019 में अखिलेश सिंह के देहांत के बाद अदिति इस बार बिना पिता के साए के अपनी नई पार्टी भाजपा से इस सीट से मैदान में हैं।

यूपी में महिलाओं को 40 प्रतिशत सीटें देने और कांग्रेस के कैंपेन लड़की हूं लड़ सकती हूं पर भी अदिति ने तंज कसा। उन्होंने कहा, “यह एक राजनीतिक स्लोगन के अलावा कुछ नहीं है क्योंकि जमीन पर कांग्रेस के लिए कुछ भी नहीं है।

अगर कांग्रेस सच में इसको लेकर गंभीर है तो उन राज्यों में इसे क्यों लागू नहीं किया गया जहां पार्टी अपेक्षाकृत मजबूत स्थिति में हैं। अन्य राज्यों में तो महिलाओं को 20% टिकट भी नहीं दिए गए। गोवा में पार्टी ने 28 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें सिर्फ दो महिलाएं हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *