Thursday , October 24 2024

Editor

राम गोपाल वर्मा ने की ‘द केरल स्टोरी’ की तारीफ, कहा- उनकी देखी बेहतरीन फिल्मों में से एक

पिछले साल रिलीज हुई फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ काफी चर्चा में रही थी। फिल्म को काफी विवादों का सामना भी करना पड़ा था। फिल्म को लेकर कई फिल्मी हस्तियों ने भी आपत्ति जताई थी। मशहूर अभिनेता कमल हासन और नसीरुद्दीन शाह ने भी फिल्म की आलोचना की थी। हालांकि, मशहूर निर्देशक राम गोपाल वर्मा इसे लेकर अलग राय रखते हैं।

अभिनेत्री अदा शर्मा अभिनीत ‘द केरल स्टोरी’ केरल की महिलाओं के एक समूह की कहानी बताती है, जिन महिलाओं को कथित तौर पर इस्लाम में धर्म परिवर्तन करने और आईएसआईएस में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। गैलटा प्लस को दिए एक इंटरव्यू में राम गोपाल वर्मा ने फिल्म की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा बटोरे, लेकिन उसी निर्माता-निर्देशक और कलाकार की दूसरी फिल्म बस्तर द नक्सल स्टोरी को दर्शको ने नकार दिया।

दिग्गज निर्देशक ने आगे कहा कि वह इस फिल्म से प्रभावित हुए थे। उन्होंने अदा की ये फिल्म देखने के बाद उनसे बात भी की थी। उन्होंने कहा कि एक बार मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने उनसे कहा था कि वह जब कोई धुन बनाते हैं, तो उन्हें लगता है कि वो बहुत सुपरहिट होगी, लेकिन जब गाना आता है, तो लोग उसे पूरी तरह से नजर अंदाज कर देते हैै। उन्होंने अपनी फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सभी हिट फिल्में दुर्घटनाएं हैं और सभी फ्लॉप फिल्में जानबूझ कर बनाई गई हैं, क्योंकि वह दोनों फिल्मों में एक जैसी ही मेहनत करते हैं।

फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ (तेलुगु) में ‘दशहरा’ की धूम, नानी-कीर्ति सुरेश ने मनवाया लोहा

69वें फिल्मफेयर अवार्ड्स साउथ 2024 के विजेताओं का एलान हो गया है। शनिवार को हैदराबाद स्थित जेआरसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुए पुरस्कार समारोह में कई श्रेणियों में अवॉर्ड विजेताओं की घोषणा की गई। इस दौरान कई फिल्मी हस्तियां मौजूद रही। आइए आपको बताते हैं कि तेलुगु सिनेमा में किस श्रेणी में किसने पुरस्कार जीता।

सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार ‘बालागम’ को मिला, जिसका निर्देशन वेणु येल्डांडी ने किया है। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार भी वेणु को ही मिला है। सर्वश्रेष्ठ फिल्म (क्रिटिक्स) का अवॉर्ड ‘बेबी’ ने जीता और सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक के लिए श्रीकांत ओडेला (दशहरा) और शौर्युव (हाय नन्ना) को चुना गया।

नानी को ‘दशहरा’ के लिए मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला और कीर्ति सुरेश ने मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब जीता। उन्हें भी ‘दशहरा’ के लिए ही यह अवॉर्ड मिला है। वहीं, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (क्रिटिक्स) की श्रेणी में प्रकाश राज ने ‘रंगा मार्थांडा’ के लिए और नवीन पॉलीशेट्टी ने ‘मिस शेट्टी, मिस्टर पॉलीशेट्टी’ फिल्म में अपने अभिनय के लिए पुरस्कार जीता।

आज का राशिफल: 04 अगस्त 2024

मेष राशि: 
आज का दिन आपके लिए दान पुण्य के कार्य में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए रहेगा। परिवार में किसी सदस्य को लेकर यदि कोई चिंता बनी थी, तो वह आज दूर होगी। नौकरी में आपको प्रमोशन मिलने की पूरी संभावना है। आपको यदि परिवार में किसी सदस्य की सेहत को लेकर कुछ चिंता थी, तो वह व्यर्थ होगी। आपका किसी पुराने मित्र से लंबे समय बाद मुलाकात होगी। आप किसी धार्मिक आयोजन में सम्मिलित हो सकते हैं, जो आपके लिए अच्छा रहने वाला है।
वृष राशिः 
आज का दिन आपके लिए सुखमय परिणाम लेकर आएगा। सरकारी नौकरी में आपको सचेत रहने की आवश्यकता है। सामाजिक कार्यक्रमों में आप बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। आप आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे। विद्यार्थी पढ़ाई लिखाई को लेकर ओवर कॉन्फिडेंट होने के कारण किसी परीक्षा में समस्या में आ सकते हैं। आपको किसी के कहने में आकर निर्णय लेने से बचना होगा। परिवार के सदस्यों का आपको पूरा साथ मिलेगा। आपको अपने मन में कोई ऐसी बात नहीं रखनी है, जिससे की आपका कोई लड़ाई झगड़ा उत्पन्न हो।
मिथुन राशि : 
आज का दिन व्यवसाय कर रहे लोगों के लिए अच्छा रहने वाला है। आपको समझदारी से व्यवसाय करने में अच्छा लाभ मिलेगा। आपकी कोई प्रिय या कीमती वस्तु यदि खो गई थी, तो वह भी आपको मिल सकती है। आप भगवान की भक्ति में लीन नजर आएंगे। आपको किसी पुराने मित्र से लंबे समय बाद मिलकर खुशी होगी। संतान के करियर में चल रही समस्याओं का आप जीवनसाथी से बातचीत करके दूर करने की कोशिश करेंगे।
कर्क राशि: 
आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है। आपके इनकम के सोर्स बढ़ेंगे और आपको किसी को धन उधार देने से बचना होगा। विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के मार्ग में आ रही बाधाएं दूर होंगी। परिवार के किसी सदस्य से यदि कोई अनबन चल रही थी, तो वह दूर हो सकती है। आपके घर किसी नए मेहमान का आगमन हो सकता है। आपको अपनी सोच में सकारात्मकता बनाए रखनी होगी। आपको अपने आसपास रह रहे लोगों से सावधान रहना होगा।
सिंह राशि: 
आज का दिन आपके लिए लंबे समय से रुके हुए कामों को पूरा करने के लिए रहेगा। भाई व बहनों का आपको पूरा साथ मिलेगा। किसी सरकारी योजना में धन लगाने से आपको अच्छा लाभ मिलने की संभावना है। आप अपने खान-पान की आदतों में बदलाव लाए, नहीं तो आपको कुछ पेट संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ेगा, इसलिए आपको तले भुने भोजन से परहेज रखने की आवश्यकता है। आप परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर किसी पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन आदि का आयोजन कर सकते हैं।
कन्या राशि: 
आज का दिन आपके लिए मन की इच्छा की पूर्ति के लिए रहेगा। धार्मिक कार्यक्रमों में आप बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। व्यापार कर रहे लोगों को अच्छा लाभ मिलने की संभावना है। यदि आपने किसी निवेश को किया था, तो वह आपके लिए अच्छा रहेगा। आपको किसी पारिवारिक समस्या को लेकर वरिष्ठ सदस्यों से बातचीत करनी होगी, नहीं तो रक्त संबंधी रिश्तों में दूरियां आने की संभावना है। आपकी माताजी को कोई आंखों से संबंधित समस्या परेशान कर सकती है।
तुला राशिः 
आज का दिन आपके लिए सुखमय रहने वाला है। आपके व्यवसाय में जिन योजनाओं पर विराम लग गया था, तो आप उनकी फिर से शुरुआत कर सकते हैं। आपको किसी के कहने में आकर कोई निर्णय लेने से बचना होगा और आपकी उन्नति के मार्ग खुलेंगे। आपको अपने कामों को पूरा करने में भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। विद्यार्थी यदि किसी नौकरी के लिए तैयारी में लगे हैं, तो उसमें भी उन्हें सफलता मिलने की संभावना है। आपको अपने घर परिवार में सदस्यों की जरूरतों पर भी पूरा ध्यान देना होगा।
वृश्चिक राशिः 
आज का दिन व्यवसाय के मामले में अच्छा रहने वाला है। आप अपनी चतुर बुद्धि का प्रयोग करके काफी कुछ पा सकते हैं। आपके मित्र को आपकी कोई बात बुरी लग सकती है। आप अपने कामों को छोड़कर दूसरों के कामों मे लगेंगे, जो आपको समस्या देंगे। आपको अपनी इनकम के सोर्सो पर पूरा ध्यान देना होगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकेगी। विद्यार्थी पूरी मेहनत करके पढ़ाई लिखाई की सीढ़ी चढ़ेंगे।
धनु राशिः 
आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है। आपको वाहनों के प्रयोग से सावधान रहने की आवश्यकता है। आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी। आपको रूपए पैसे का लेनदेन बहुत ही सोच विचार पर करना होगा। नौकरीपेशा जातकों को अपने कामों को लेकर सावधान रहने की आवश्यकता है, उनमें आप कोई गड़बड़ी न करें। आपके बॉस आपके प्रमोशन के बारे में भी सोच सकते हैं। यदि आपका कोई कानूनी मामला लंबे समय से विवादित चल रहा है, तो उसमें आपको जीत मिलेगी।
मकर राशिः 
आज का दिन आपके लिए कुछ नए कामों को करने के लिए रहेगा। व्यवसाय कर रहे लोग अपने कामों में कोई बदलाव करेंगे, जो उनके लिए अच्छी रहेंगी। नौकरी में कार्यरत लोग पुरानी नौकरी को छोड़कर किसी दूसरी को ज्वाइन कर सकते हैं, जिसमें उन्हें अच्छा इंक्रीमेंट मिल सकता है। आपको अपने धन को किसी सही योजना में लगाना बेहतर रहेगा, नहीं तो आपका धन डूबने की संभावना है और यदि कोई काम लंबे समय से लटक रहा था, तो आपको उसे समय रहते पूरा करना होगा।
कुंभ राशिः 
आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहने वाला है। आपको किसी निवेश संबंधी योजना में धन लगाना बेहतर रहेगा। आपको किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह की आवश्यकता है। परिवार में किसी सदस्य को कोई चोट चपेट आदि लगने की संभावना है, जिस कारण आपको भागदौड़ अधिक रहेगी। आपको किसी संपत्ति की खरीदारी करते समय उसके जरूरी कागजातों पर पूरा ध्यान देने की आवश्यकता है। आप अपने पारिवारिक समस्याओं को किसी बाहरी व्यक्ति के सामने उजागर न करें।
मीन राशिः 
आज का दिन आपके लिए खुशनुमा रहने वाला है। आप अपने जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें, जिससे आपका रिश्ता बेहतर चल सकेगा। आपको अपने कामों को लेकर बहुत ही सूझबूझ से आगे बढ़ना होगा। नौकरी में कार्यरत लोग अपने कामों से सभी को हैरान करेंगे, क्योंकि वह अपनी बुद्धि से काफी कुछ पा सकते हैं। विद्यार्थियों को बौद्धिक और मानसिक बोझ से छुटकारा मिलता दिख रहा है। आप परिवार के सदस्यों के साथ किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं।

मॉस्को पहुंचे रूसी जासूसों के बच्चे, राष्ट्रपति पुतिन ने स्पैनिश बोलकर किया स्वागत, जानें क्या कहा

जासूसी के आरोप में स्लोवेनिया की जेल में बंद दो रूसी जासूसों को एक संधि के तहत रिहा किया गया। इन जासूसों के बच्चे मास्को पहुंचे तो उनको अपनी असली पहचान के बारे में पता चला। बच्चों का रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्पैनिश भाषा में बुएनस नोचेस बोलकर बच्चों का स्वागत किया गया।

आर्टेम और अन्ना डुल्टसेव, 2017 से स्लोवेनिया में लुडविग गिश और मारिया रोजा मेयर मुनोस के नाम से रह रहे थे। दोनों यहां एक आईटी कंपनी और ऑनलाइन आर्ट गैलरी चलाते थे। वे अर्जेंटीना के प्रवासियों के रूप में यहां रहकर मॉस्को के आदेश को स्लीपर एजेंटों से साझा करते थे। 2022 में दोनों को जासूरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उनके दोनों बच्चे एक पालक की निगरानी में रह रहे थे। बच्चों को डर था कि वे अपने माता-पिता को खो सकते हैं। इसलिए उनसे बच्चों को कम मिलने दिया जा रहा था।

हाल में रूस और पश्चिम देशों के बीच कैदियों की अदला बदली की गई। इसमें 16 कैदी रूस से पश्चिम देशों की ओर और आठ कैदी पश्चिम देशों से रूस आए। इनमें आर्टेम और अन्ना डुल्टसेव भी अपने बच्चों के साथ रूस आए। मास्को पहुंचने पर बच्चों को पता चला कि उनका रूस के साथ संबंध है।

इन कैदियों का स्वागत करने एयरपोर्ट पर पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्वागत किया। बच्चे रूसी भाषा नहीं जानते थे। इसलिए राष्ट्रपति ने उनसे स्पैनिश भाषा में बुएनस नोचेस बोलकर उनका अभिवादन किया। बच्चों ने भी मास्को में अपने माता-पिता से पूछा कि मास्को में वे किससे मिलने वाले हैं? यहां आने के बाद बच्चों को पता चला कि वह रूस से गहरा संबंध रखते हैं।

मिशन गगनयान में शामिल हैं लखनऊ के कैप्टन शुभांशु शुक्ला, पिता बोले- हमारे लिए गर्व का क्षण

लखनऊ:  भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के संयुक्त मिशन ‘गगनयान’ के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्रियों में लखनऊ के रहने वाले कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं। अभियान की शुरुआत हो चुकी है। इसके लिए चुने गए सभी अंतरिक्ष यात्रियों का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है।

इस मौके पर शुभांशु शुक्ला के पिता शंभु दयाल शुक्ला ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। मैं सभी को मिशन की सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मैं हमेशा ही शुभांशु की सफलता के लिए प्रार्थना करता हूं। उन्होंने बताया कि मैं चाहता था कि शुभांशु सेना में जाने के बजाय सिविल सेवाओं में जाए पर जब वायु सेना के लिए उसका चयन हो गया तो मैंने बिल्कुल भी उसका विरोध नहीं किया।

उन्होंने कहा कि मैं उन पलों को कभी नहीं भूल सकता जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन के लिए शुभांशु के नाम की घोषणा की और उन्हें बैज दिया। मैं कभी भी नकारात्मक नहीं सोचता। जो भी होता है अच्छे के लिए ही होता है। इस मौके पर शुभांशु की मां ऊषा शुक्ला ने कहा कि शुभांशु बचपन से ही पढ़ने लिखने में बड़ा होशियार थे। वो शुक्रवार को प्रशिक्षण के लिए अमेरिका रवाना हो गए।

मेरे पिता विलेन नहीं काफी मजाकिया हैं… श्रद्धा कपूर ने बताया कैसे हैं पापा शक्ति कपूर

मैं कितनी व्यस्त रहूंगी, इससे किसी को कोई मतलब नहीं, घर के लोगों ने लखनऊ से आते वक्त कबाब और बिरयानी लेकर आने को कहा है। हंसते-खिलखिलाते श्रद्धा कपूर ने लखनऊ के खाने को लेकर कुछ यूं अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। राजकुमार राव बोले, लखनऊ से अपनापन लगता है, ऐसा लगता है कि कोई पुराना रिश्ता है। अपनी फिल्म ‘स्त्री 2’ के प्रमोशन के लिए लखनऊ आए दोनों कलाकारों ने अमर उजाला कार्यालय में ये बातें कहीं।

यहां वे भारतेंदु नाट्य अकादमी के छात्र-छात्राओं से मिले। विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। दोनों ने सरकार के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार ऐसा काम कर रही है कि लोग यहां आते रहें। उत्तर प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग से लेकर घूमना-खाना सब कुछ बढ़ रहा है।

असफलता मिलेगी, पार पाना सीखिए
रिजेक्शन के बारे में राजकुमार राव ने बताया कि उन्होंने भी इसका खूब सामना किया है। उन्होंने कहा कि ये एक सच्चाई है, जरूरी है इसे खुद पर हावी न होने दिया जाए। राजकुमार ने कहा कि ऐसे वक्त में दोस्त काम आते हैं, लेकिन दोस्त गलत चुन लिए तो वो हौसला देने की जगह हिम्मत तोड़ भी सकते हैं। ऑडिशन में सफलता के लिए जरूरी है कि कुछ अलग करके दिखाएं। फिल्मों और थियेटर के बारे में उन्होंने कहा कि दोनों में जरूरी है किरदार को निभाना, बाकि जो अंतर हैं वो मामूली हैं।

शक्ति कपूर हैं काफी मजाकिया
श्रद्धा कपूर ने बताया कि उन्हें अपने पिता के कारण लगता था कि कोई उनसे पंगा नहीं ले सकता। हालांकि, घर पर शक्ति कपूर काफी मजाकिया हैं। वो सबको हंसाने का काम करते हैं। फिल्म चुनने के बारे में श्रद्धा ने कहा कि जब लगता है कि फिल्म में लगाने वाले समय को मैं देकर उसमें पूरी शिद्दत से काम कर पाऊंगी तभी मैं उसे चुनती हूं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल ओटीटी पर नहीं आ रही हैं। कोई दिलचस्प प्रोजेक्ट मिला तब इस बारे में सोचेंगी। वहीं, स्त्री-2 के बारे में राजकुमार ने कहा कि फिल्म देखकर लोगों को मजा आएगा।

अब रेल यात्रियों को मिलेगा फाइव स्टार होटल का खाना, तीन स्टेशन पर खुले बेस किचन

वाराणसी: रेल में सफर में यात्रियों को फाइव स्टार होटल जैसा नाश्ता और खाना परोसा जाएगा। यात्री जो चाहेंगे, उन्हें सफर में मुहैया कराया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के तीन स्टेशन पर खुले बेस किचन की कमान नामचीन पांच सितारा होटलों को सौंपी जा रही है।

बेस किचन के संचालन के लिए नामी होटलों की ओर से रेलवे बोर्ड तक दौड़ भाग शुरू हो गई है। रेलवे मानक के अनुसार बेस किचन की 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी भी होती रहेगी। नई व्यवस्था के तहत एक रूट की पांच से 10 ट्रेनों का एक समूह बनाया गया है। इन ट्रेनों में यात्रियों को खाना उपलब्ध कराने के लिए बेस किचन तैयार किया गया है।

पूर्वोत्तर रेलवे के मऊ, भटनी और छपरा में बेस किचन बनकर तैयार भी है। अलग-अलग स्टेशन पर भोजन का प्रबंध होने के चलते एक तो किसी स्टेशन पर अतिरिक्त भीड़ नहीं जुटेगी और दूसरे यात्रियों को जरूरत के वक्त ताजा भोजन मिलेगा।

रेल अधिकारियों के अनुसार पूरे रूट पर इस तरह की व्यवस्था होगी। समूह में शामिल ट्रेन के पूरे रूट पर बेस किचन जरूरी है। बेस किचन संचालन के लिए नामी होटल संचालकों ने रेलवे से संपर्क साधा है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि बेस किचन के जरिये यात्रियों को गुणवक्ता युक्त भोजन परोसा जाएगा।

रेल अधिकारी करेंगे बेस किचन का निरीक्षण
बेस किचन की निगरानी समय-समय पर रेलवे के संबंधित अधिकारी करते रहेंगे। भोजन की गुणवत्ता और बेच किचन की साफ-सफाई, शेफ और सह कर्मियों का मेडिकल परीक्षण पत्र आदि भी चेक किया जाएगा।

बुध बाजार… ’15 से पहले बिजली का अंडरग्राउंड काम पूरा करें, पार्किंग की व्यवस्था भी दुरुस्त हो’

मुरादाबाद:  मुरादाबाद के मंडलायुक्त ने रिलायंस इलेक्ट्रिक वर्क कंपनी को 15 अगस्त से पहले बुध बाजार में बिजली का अंडरग्राउंड काम पूरा करने के लिए सख्त निर्देश दिए। कहा कि विद्युत खंभों और केबल को हटाने का कार्य भी पूरा होना चाहिए। कंपनी को काम पूरा करने के लिए दो दिन में कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी।

मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि मुरादाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड की समीक्षा के दौरान उन्होंने नगर आयुक्त के साथ बुध बाजार का दौरा किया था। इस दौरान फुटपाथ का कार्य अधूरा मिला। रोड के बीच में गाड़ियां खड़ी थीं। इसके अलावा जगह जगह निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी थी।

इस मामले में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों को अधूरा कार्य पूरा करने और साफ-सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पार्किंग की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। बाजार क्षेत्र में बनाए गए फुटपाथ पर आम नागरिकों के लिए चौड़ाई अधिक होनी चाहिए।

इंपीरियल तिराहा के प्रवेश द्वार का सुंदरीकरण जरूरी है। फुटपाथ की चौड़ाई कम से कम 1.5 मीटर होनी चाहिए। इसके अलावा सीएंडडीएस, यूपी जल निगम परियोजना कार्य को 10 अगस्त तक पूरा करें और उसका संचालन करने के लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड को हस्तानांतरित करें।

सीएंडडीएस के प्रतिनिधि ने बताया कि परियोजना कार्य बारिश के कारण रुका है। बरसात खत्म होते ही इस परियोजना कार्य को एक माह के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। मंडलायुक्त ने परियोजना के कार्य के लिए ड्रोन सर्वे कराने के लिए एडिशनल सीईओ स्मार्ट सिटी को निर्देश दिए।

जीएमडी रोड के दुकानदारों को बुलडोजर चलने का डर
अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की बुलडोजर चलाने की चेतावनी से डरे जीएमडी रोड के दुकानदारों ने शुक्रवार को मंडलायुक्त से मुलाकात की। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि नाले पर किसी को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। दुकानदारों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से कोई कार्रवाई नहीं होगी।

व्यापारी सुरक्षा फोरम के व्यवसायियों ने विजय मदन के नेतृत्व में मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल मंडल ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कार्यों से व्यापारी काफी परेशान हैं। सड़क के साथ व्यापार भी प्रभावित हुआ है। अब अतिक्रमण विरोधी अभियान से दुकानदार डरे हुए हैं।

मुख्य आरोपी की नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने 250 सीसीटीवी खंगाले

लखनऊ: बारिश के दौरान युवती से छेड़छाड़ करने वाले मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी तो दूर गोमतीनगर पुलिस अभी तक उसकी पहचान तक नहीं कर सकी है। हालांकि, हुड़दंग में शामिल चार आरापियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग है। साथ ही तीन अन्य युवकों को हिरासत में लिया है।

डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि शुक्रवार को फुटेज व फोटो की मदद से बाजारखाला पुलिस ने हुड़दंग में शामिल संत सुदर्शनपुरी कॉलोनी निवासी नगर निगम में कार्यरत संविदाकर्मी आकाश और 15 साल के एक किशोर को गिरफ्तार किया है। दोनों को गोमतीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आकाश के पास से एक स्कूटी भी बरामद की है।

आकाश उसी स्कूटी से घटनास्थल पहुंचा था। इसके अलावा गोमतीनगर पुलिस ने भी फुटेज व वीडियो की मदद से अलीगंज बड़ा चांदगंज निवासी आमिर और अलीगंज निवासी नूर आलम को शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि कई और हुड़दंगियों की पहचान की गई है। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लखनऊ, बाराबंकी और उन्नाव में दबिश दे रही हैं।

250 सीसीटीवी और कई सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले
मरीन ड्राइव पुल के पास हुए हुड़दंग में शासन के सख्त होने पर पुलिस ने उपद्रवियों को चिह्नित करने का काम शुरू किया। डीसीपी ने बताया कि पुलिस की कई टीमों ने 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कई सोशल मीडिया अकाउंट देखे गए। इनकी मदद से हुड़दंग में शामिल आरोपियों की पहचान की गई। अब तक 20 युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कुछ हिरासत में हैं। वीडियो और तस्वीरें सभी थानों को भेजकर अन्य हुड़दंगियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित बाइक सवार युवक ने पुलिस आयुक्त से की मुलाकात
हुड़दंगियों का शिकार हुए बाइक सवार युवक ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। पुलिस का कहना है कि इस दौरान युवक ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टी जाहिर करते हुए उनकी पहचान उजागर न होने की मांग की।

किसानों ने की महापंचायत, समस्याओं पर समाधान न मिलने पर किया सड़क जाम; लगी लंबी कतार

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में शनिवार को किसानों ने महापंचायत का आयोजन किया। अपनी मांगों पर जिम्मेदारों से समाधान मांगा। समाधान तो दूर की बात किसानों की समस्या सुनने तक कोई नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित किसानों में बाजना तिराहे पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर दोनों ओर जाम लग गया।

मामला नौहझील ब्लॉक परिसर का है। यहां भारतीय किसान कल्याण समिति ने महापंचायत का आयोजन किया था। महापंचायत में थानों में भ्रष्टाचार, विद्युत विभाग द्वारा जनता का शोषण, यमुना एक्सप्रेसवे द्वारा जमीन अधिग्रहण (न्यायालय के आदेशानुसार 64 फीसदी मुआवजा तत्काल मिले) समेत एक्सप्रेसवे के सहारे सर्विस रोड बनाए जाने की मांगें रखी गईं।

इसमें सैकड़ों की संख्या में किसान शामिल हुए। उन्होंने अपनी अन्य समस्याएं भी रखीं। दोपहर 2.40 बजे तक महापंचायत में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी किसानों की बात सुनने नहीं पहुंचा। इससे किसानों में आक्रोश फैल गया। वह बाजना तिराहे पहुंचे और सड़क जाम कर दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

किसान नेता रामबाबू सिंह कटैलिया ने बताया कि पिछले माह तीन जुलाई को भी समस्याओं को लेकर महापंचायत हुई थी। इसमें एडीओ पंचायत, एसडीओ आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। समस्याओं के समाधान की बात कही। एक माह बीतने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। मौके पर अभी कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा है। इससे जाम लगाया गया है।